प्रेमनगर विधायक के गृह ग्राम में आस्था का महापर्व, स्वयंभू विष्णु प्रतिमा स्थल पर 11 कुंडी विष्णु महायज्ञ का आज से शुभारंभ

प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक भूलन सिंह मरावी के गृह ग्राम पटना में आज से 9 दिवसीय श्री विष्णु महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान महोत्सव का भव्य शुभारंभ हो रहा है। जिस स्थल पर यह आयोजन हो रहा है, उसका धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व पूरे क्षेत्र में विशेष माना जाता है। वर्ष 1992 में आए भीषण आंधी-तूफान के दौरान जब इस स्थान पर बड़े-बड़े पेड़ गिर गए थे, तब एक पेड़ के नीचे से भगवान विष्णु की स्वयंभू प्रतिमा प्रकट हुई थी। इस चमत्कारी घटना के बाद से यह स्थल श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बन गया। बाद में इसी पावन स्थान पर भगवान शंकर (शिव) का मंदिर भी निर्मित किया गया, जिससे यह क्षेत्र विष्णु और शिव उपासना का दुर्लभ संगम बन गया है।
कार्यक्रम की शुरुआत 19 जनवरी 2026 को कलश शोभा यात्रा के साथ आज से होगा। इसके पश्चात 20 जनवरी को वेदी पूजन, आरती महोत्सव एवं श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया गया। 21 जनवरी से 25 जनवरी तक प्रतिदिन हवन, पूजन एवं भागवत कथा का आयोजन होगा। 26 जनवरी को हवन, पूजन एवं भागवत कथा का समापन होगा, जबकि 27 जनवरी को पूर्णाहुति, विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण के साथ महायज्ञ का भव्य समापन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यज्ञ एवं कथा में सहभागिता करेंगे।
उल्लेखनीय है कि विधायक भूलन सिंह मरावी के प्रयासों और समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से इस पवित्र स्थल पर अब तक तीन बार विष्णु यज्ञ का सफल आयोजन किया जा चुका है और यह चौथी बार है जब 11 कुंडी विष्णु महायज्ञ आयोजित किया जा रहा है। विधायक मरावी की धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के प्रति सक्रियता क्षेत्र में लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है। उनका मानना है कि विकास के साथ-साथ समाज को अपनी परंपराओं, संस्कारों और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़कर रखना भी उतना ही आवश्यक है।
इस भव्य आयोजन को लेकर यह भी संभावना जताई जा रही है कि प्रदेश के कई मंत्री, विधायक तथा मुख्यमंत्री भी यज्ञ में शामिल हो सकते हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि विधायक मरावी के नेतृत्व में यह आयोजन किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि समूचे क्षेत्र की सामूहिक आस्था और सहभागिता का प्रतीक बन चुका है। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की यह पहल प्रेमनगर विधानसभा में एक सकारात्मक संदेश दे रही है और आने वाले समय में यह स्थल प्रदेश स्तर पर एक प्रमुख धार्मिक केंद्र के रूप में पहचान बना सकता है। इस दौरान विधायक भूलन सिंह मरावी ने सभी क्षेत्रवासियों से अपील किया है कि इस यज्ञ में शामिल होकर धार्मिक दृष्टि से इसका लाभ जरूर सभी लोग उठाएं ।



