ब्रेकिंग न्यूज़

शिक्षिका व पुत्र हत्याकांड: आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर एसपी के नाम सौंपा ज्ञापन

विश्रामपुर (सूरजपुर) सूरजपुर जिले में शिक्षिका श्रीमती रजनी बरेठ और उनके पुत्र की निर्मम हत्या के मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से आम जनता में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है। इस दोहरे हत्याकांड के विरोध में शिवनंदनपुर के मंडल अध्यक्ष चंदन सिंह के नेतृत्व में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक के नाम विश्रामपुर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि मामले की जांच को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निष्पक्ष व समयबद्ध पड़ताल की जाए, साक्ष्यों से छेड़छाड़ या आरोपियों को संरक्षण देने वालों पर कठोर कार्रवाई हो और अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी पीड़ित परिवार के साथ साझा की जाए।

ज्ञापन सौंपते हुए मंडल अध्यक्ष चंदन सिंह ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य केवल पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना और कानून-व्यवस्था के प्रति जनता का विश्वास बहाल करना है। जिले में लगातार बढ़ रहे अपराधों पर अंकुश लगाने की मांग करते हुए जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल ठोस कदम नहीं उठाए और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया, तो वे लोकतांत्रिक व शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान नगर पंचायत शिवनंदनपुर के उपाध्यक्ष और पार्षदगण भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button