राहुल-प्रियंका पर कथित बर्बरता के विरोध में आज रामानुजनगर में कांग्रेस का प्रदर्शन

रामानुजनगर– अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज, 8 अक्टूबर (गुरुवार) को रामानुजनगर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा भारतीय लोकतंत्र के समर्थन में ‘काला दिवस’ मनाते हुए एक दिवसीय व्यापक विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया जा रहा है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र साहू और महामंत्री चंद्रदत्त दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर निर्वाचन आयोग से निष्पक्षता की मांग करने जा रहे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और INDIA गठबंधन के सांसदों पर पुलिस द्वारा किए गए कथित बल प्रयोग, दुर्व्यवहार व लाठीचार्ज के विरोध में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया है। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठानी होगी।

काली पोशाक और बिजली बिल फॉर्म के साथ जुटेंगे कार्यकर्ता: आज दोपहर 2:30 बजे श्री तुलेश्वर भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित होने वाले इस प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस, मंडल अध्यक्ष, वरिष्ठ नेताओं, महिला कांग्रेस और युवा कांग्रेस समेत सभी अग्रिम संगठनों के पदाधिकारियों को भारी संख्या में पहुंचने की अपील की गई है। कार्यक्रम को प्रभावी और प्रतीकात्मक रूप देने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से अनिवार्य रूप से काले कपड़े पहनकर आने का आग्रह किया गया है। इसके अलावा, राज्य व स्थानीय स्तर पर बिजली की समस्याओं और बढ़े हुए बिलों के विरोध स्वरूप सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं को अपने साथ बिजली बिल के फॉर्म भी साथ लाने के विशेष निर्देश दिए गए हैं, ताकि जनहित के इस मुद्दे पर भी केंद्र व शासन को घेरा जा सके।



