नशा तस्करों की सूचना देने वाले को विधायक भूलन सिंह मरावी देंगे ₹5000 का इनाम, पहचान रहेगी गुप्त विधायक के इस पहल का जमकर हो रहा है सराहना…

सूरजपुर:-युवाओं में लगातार बढ़ती नशे की लत पर अंकुश लगाने और अवैध कारोबारियों पर नकेल कसने के लिए प्रेमनगर विधानसभा के विधायक भूलन सिंह मरावी ने एक बेहद सराहनीय और साहसिक पहल की है। विधायक मरावी ने क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से एक बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि जो भी व्यक्ति क्षेत्र में नशीली टैबलेट, सिरप, इंजेक्शन, अवैध नशे का व्यापार करने वाले अपराधियों की सटीक जानकारी पुलिस को देगा, उसे उनकी तरफ से ₹5000 का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके साथ ही सूचना देने वाले सजग नागरिक की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी, ताकि लोग बिना किसी डर के समाज सुधार में अपना योगदान दे सकें।
विधायक भूलन सिंह मरावी ने इस गंभीर विषय पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज हमारा युवा वर्ग लगातार नशे की गिरफ्त में आकर अपना भविष्य और परिवार बर्बाद कर रहा है, जिसे समय रहते रोकना बेहद आवश्यक है। इस काले कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए उन नशा माफियाओं और अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाना सबसे जरूरी है जो हमारे बच्चों को जहर परोस रहे हैं। विधायक जी का मानना है कि केवल सरकारी प्रयासों से इस पर पूरी तरह रोक नहीं लगाई जा सकती, इसके लिए जनता का सक्रिय सहयोग और सजगता बेहद जरूरी है।
विधायक भूलन सिंह मरावी की इस अनूठी और दूरदर्शी पहल की प्रेम नगर विधानसभा सहित पूरे क्षेत्र में जमकर तारीफ हो रही है। स्थानीय नागरिकों, पालकों और समाजसेवियों ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि इनाम की इस घोषणा से जहां आम जनता में अपराधियों के खिलाफ आवाज उठाने का हौसला बढ़ेगा, वहीं नशा तस्करों और समाज विरोधी तत्वों में भारी खौफ पैदा होगा। लोगों ने विधायक जी के इस निर्णय को क्षेत्र को खुशहाल, सुरक्षित और पूरी तरह नशामुक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया है।



