राजापुर वन खंड में 15 दिनों में 50 हरे पेड़ों की कटाई वन हमले की भूमिका संदिग्ध

सूरजपुर वन परिक्षेत्र के केतका सर्किल अंतर्गत स्थित राजापुर वन खंड में हरे-भरे विशाल साल और सरई जैसे बहुमूल्य पेड़ों की अंधाधुंध कटाई का गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार बीते करीब पंद्रह दिनों में सड़क किनारे खड़े लगभग 40 से 50 बड़े पेड़ों को इलेक्ट्रॉनिक आरा मशीन से काटा गया, जिससे पूरे वन क्षेत्र में हर ओर ठूंठ ही ठूंठ नजर आ रहे हैं। लगातार हो रही इस कटाई से जंगल तेजी से उजड़ता जा रहा है, जबकि जिम्मेदार अधिकारी मौन साधे हुए हैं।
मामले में डिप्टी रेंजर डी.के. सिंह ने इसे अपनी जिम्मेदारी न बताते हुए बीट प्रभारी का विषय बताया, वहीं संबंधित महिला वनकर्मी से संपर्क नहीं हो सका। बाद में रेंजर श्री वस्त्रकार ने पेड़ों की कटाई को “स्वाभाविक” बताते हुए कहा कि चोरी रात में होती है, इसलिए चोरों को पकड़ना मुश्किल है। वन अधिकारियों के इन बयानों के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है और कथित तौर पर वन कर्मियों व लकड़ी तस्करों की मिलीभगत की आशंका गहराती जा रही है, जिस पर अब निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।



