ब्रेकिंग न्यूज़

बोरे में मिली लाश ने बढ़ाई सनसनी, पहचान के लिए जूझ रही पुलिस,36 घंटा बीतने के बाद भी पुलिस का हाथ अभी भी खाली..


सूरजपुर। रामानुजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत तिवरागुड़ी में बोरे में बंद एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। शुक्रवार 12 जून की सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में पड़ा एक बोरा देखा। जब लोगों ने पास जाकर देखा तो उसके अंदर एक व्यक्ति का शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही रामानुजनगर थाना पुलिस भी तत्काल सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, वहीं मृतक की पहचान स्थापित करने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।


घटना के 36 घंटे बीत जाने के बावजूद अब तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे यह मामला और भी रहस्यमय बन गया है। पुलिस जिले के सभी थानों में गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है, साथ ही सोशल मीडिया, समाचार माध्यमों और अन्य स्रोतों के जरिए भी मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। शव को फिलहाल जिला चिकित्सालय सूरजपुर की मर्चुरी में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस इस संभावना पर भी जांच कर रही है कि कहीं मृतक किसी दूसरे जिले या राज्य का तो नहीं है और हत्या के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया हो। यदि ऐसा सामने आता है तो मामला केवल हत्या तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अपराधियों के नेटवर्क और कानून-व्यवस्था से जुड़े कई गंभीर सवाल भी खड़े होंगे।
वहीं क्षेत्र के लोगों के बीच भी इस घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर अब तक कोई भी व्यक्ति शव की पहचान क्यों नहीं कर पाया। आमतौर पर किसी भी अज्ञात शव की तस्वीर या जानकारी सामने आने के बाद परिजन अथवा परिचितों द्वारा पहचान की संभावना रहती है, लेकिन इस मामले में अभी तक ऐसा नहीं हो सका है। यही वजह है कि यह मामला पुलिस के लिए एक चुनौती बन गया है। सूरजपुर पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान होते ही मामले की जांच को महत्वपूर्ण दिशा मिल सकती है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द से जल्द इस रहस्यमयी मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है। तब तक तिवरागुड़ी में बोरे में मिली यह अज्ञात लाश सूरजपुर पुलिस के लिए एक अबूझ पहेली बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button