मुख्यमंत्री सचिवालय के पत्र को लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियां दुर्भाग्यपूर्ण : विकास दुबे

सूरजपुर – भारतीय जनता पार्टी मंडल रामानुजनगर के कोषाध्यक्ष विकास दुबे ने मुख्यमंत्री सचिवालय से जारी पत्र को लेकर चल रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि पूरे मामले को अनावश्यक रूप से राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक आरटीआई कार्यकर्ता द्वारा शिक्षा विभाग से संबंधित शिकायत मुख्यमंत्री सचिवालय को भेजी गई है, जिसमें शिकायतकर्ता ने विधायक श्री भूलन सिंह मरावी जी के जन्मदिन कार्यक्रम में कुछ अधिकारियों के शामिल होने, मंच पर उपस्थिति एवं सम्मान व्यक्त करने जैसी बातों का उल्लेख करते हुए कार्यवाही की मांग की है। इसी शिकायत के आधार पर मुख्यमंत्री सचिवालय ने नियमानुसार परीक्षण एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु कलेक्टर सूरजपुर से प्रतिवेदन मांगा है। विकास दुबे ने कहा कि शासन स्तर पर किसी शिकायत पर प्रतिवेदन मंगाना एक सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया है, लेकिन कुछ लोग इसे अलग रूप देकर राजनीतिक माहौल बनाने में जुटे हुए हैं।
विकास दुबे ने कहा कि पत्र का अवलोकन करने पर स्पष्ट रूप से दिखाई देता है कि मुख्यमंत्री सचिवालय ने केवल शिकायत पर परीक्षण और आवश्यक कार्यवाही के लिए पत्राचार किया है। कहीं भी किसी अधिकारी को दोषी ठहराते हुए सीधी कार्रवाई का आदेश नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर व्यक्ति को शिकायत करने का अधिकार है और शासन का दायित्व है कि वह प्राप्त शिकायतों का परीक्षण करवाए। लेकिन दुर्भाग्य की बात यह है कि कुछ लोग इस सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया को राजनीतिक विवाद का रूप देकर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी जी की छवि को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं। विकास दुबे ने कहा कि विधायक जी की बढ़ती जनस्वीकार्यता और जनता के बीच लगातार मजबूत हो रहे विश्वास से राजनीतिक रूप से परेशान लोग ऐसे मुद्दों को हवा देने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विधायक श्री भूलन सिंह मरावी जी हमेशा क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में खड़े रहने वाले जनप्रतिनिधि रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, गरीब कल्याण और ग्रामीण विकास जैसे मुद्दों पर उनकी सक्रियता के कारण आज क्षेत्र में विकास की नई पहचान बनी है। यही कारण है कि उनके जन्मदिन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आम नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि अधिकारी कर्मचारी,और विभिन्न वर्गों के लोग स्वेच्छा से शामिल हुए थे। विधायक जी का जनता के प्रति आत्मीय व्यवहार और सहज व्यक्तित्व ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता विधायक जी को केवल जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य की तरह मानती है और यही स्नेह उनके हर कार्यक्रम में देखने को मिलता है।
भाजपा नेता विकास दुबे ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी की कार्यशैली हमेशा पारदर्शिता और सुशासन पर आधारित रही है। किसी भी शिकायत पर परीक्षण करवाना शासन की सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है और इसे किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ कठोर कार्रवाई के रूप में प्रचारित करना उचित नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि जनता अब राजनीतिक रूप से जागरूक हो चुकी है और वास्तविक तथ्यों को भलीभांति समझती है। विकास दुबे ने विश्वास जताया कि सच्चाई सामने आने के बाद जनता के बीच फैलाया जा रहा भ्रम स्वतः समाप्त हो जाएगा और विधायक श्री भूलन सिंह मरावी जी के प्रति लोगों का विश्वास और अधिक मजबूत होकर सामने आएगा।



