Uncategorized

ठंड को लेकर की गई मांग पर त्वरित कार्रवाई, सूरजपुर कलेक्टर ने जारी किया स्कूल बंद करने का आदेश


सूरजपुर। जिले में लगातार पड़ रही कड़ाके की ठंड को देखते हुए छोटे बच्चों के स्कूल बंद करने की मांग पर प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया है। रामानुजनगर क्षेत्र से सामाजिक कार्यकर्ता विकास दुबे द्वारा की गई मांग के बाद सूरजपुर कलेक्टर ने जिले में स्कूल बंद करने का आदेश जारी कर दिया है। इस निर्णय से अभिभावकों और विद्यार्थियों में राहत का माहौल है।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले में अत्यधिक ठंड और शीतलहर की स्थिति को देखते हुए कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए विद्यालय दिनांक 10 जनवरी 2026 तक बंद रहेंगे। हालांकि इस अवधि में शिक्षक एवं अन्य स्टाफ निर्धारित समय अनुसार विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। यह आदेश शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त तथा सभी निजी विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा।
उल्लेखनीय है कि सामाजिक कार्यकर्ता विकास दुबे ने रामानुज नगर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में गिरते तापमान और बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को लेकर स्कूल बंद करने की मांग उठाई थी। उन्होंने प्रशासन को अवगत कराया था कि नर्सरी, केजी और प्राथमिक कक्षाओं में पढ़ने वाले छोटे बच्चे अत्यधिक ठंड के कारण सर्दी, खांसी, बुखार जैसी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।
मांग सामने आने के बाद सूरजपुर कलेक्टर ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तत्काल निर्णय लिया और स्कूल बंद करने का आदेश जारी किया। प्रशासन के इस कदम को जनहित में लिया गया संवेदनशील निर्णय माना जा रहा है।
आदेश जारी होने के बाद अभिभावकों ने राहत की सांस ली है और कलेक्टर के इस फैसले का स्वागत किया है। सामाजिक कार्यकर्ता विकास दुबे ने भी बच्चों के हित में त्वरित निर्णय लेने के लिए जिला प्रशासन और सूरजपुर कलेक्टर के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button